श्रीदेव सुमन ने समाज को नई दिशा दिखाई : जोशी

Spread the love

नई टिहरी : टिहरी जनक्रांति के नायक अमर शहीद श्रीदेव सुमन की जयंती शनिवार को जिलेभर में धूमधाम से मनाई गई। टिहरी रियासत और स्वाधीनता आंदोलन में उनके योगदान को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि छोटी से उम्र में सुमन ने समाज के लिए नई दिशा दिखाने का कार्य किया। उनके विचार और बलिदान युगों तक याद रखे जाएंगे। नई टिहरी सहित उनके पैतृक जौल गांव में सुमन के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। शनिवार को श्रीदेव सुमन विवि और श्रीदेव सुमन ग्राम विकास समिति जौल की ओर से आयोजित संयुक्त कार्यक्रम में श्रीदेव सुमन की 108वीं जयंती मनाई गई। मुख्य अतिथि विवि के कुलपति प्रो. एनके जोशी और ग्रामीणों ने उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण किया। मुख्य वक्ता डॉ. एमआर सकलानी ने श्रीदेव सुमन के प्रारंभिक जीवन से लेकर उनकी शहादत तक का वर्णन प्रस्तुत किया। वहीं कुलपति प्रो. जोशी ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है। सीमांत राज्य होने के कारण उत्तराखंड के प्रत्येक नागरिक की देश के प्रति बड़ी जिम्मेदारी रही है। जिसे इस पर्वतीय प्रदेश के नागरिकों द्वारा न केवल बहादुरी बल्कि पूरी जिम्मेदारी से निभाया है। उन्होंने ग्रामीणों को विवि के निर्माण कार्यों की जानकारी दी। कहा कि गांव के होनहार छात्रों को व्यावसायिक शिक्षा के लिए अब दूर जाने की जरूरत नहीं है। विवि ने बादशाहीथौल मुख्यालय में रोजगारपरक पाठ्यक्रम संचालित कर दिए हैं। आश्वासन दिया कि विवि जल्द ही ग्रामीण महिलाओं के लिए शॉर्ट टर्म रोजगारपरक व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित करेगा। इससे मातृशाक्ति आत्मनिर्भर बनेंगी। इस मौके पर कुलसचिव खेमराज भट्ट, निजी सचिव कुलपति वरूण डोभाल, विनोद बडोनी, अनिल बड़ोनी, पर्यावरणविद विजय जड़धारी, शक्ति प्रसाद जोशी, कवि सोमवारी लाल सकलानी, दिनेश सकलानी, विनोद पांडेय मौजूद रहे। लंबगांव, घनसाली, कंडीसौड़, नरेंद्रनगर, खाड़ी, आगराखाल आदि क्षेत्रों में भी जयंती पर श्रीदेव सुमन का भावपूर्ण स्मरण किया गया। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *