एसएसपी ने किया अग्निशमन सेवा सप्ताह का शुभारंभ

Spread the love

जागरूकरता रैली निकालकर किया जागरूक
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : पुलिस लाइन में अग्निशमन सेवा सप्ताह का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल श्वेता चौबे ने शुभारंभ कर अग्निशमन रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली के दौरान फायर सर्विस कार्मिकों द्वारा लोगों को जागरूक करते हुए आगजनी की घटनाओं की रोकथाम हेतु जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए। इस दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले अग्निशमन कार्मिकों को 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
शुक्रवार को पुलिस लाइन में फायर सर्विस के वाहनों, कार्मिकों व गुरु राम राय स्कूल के छात्र-छात्राओं की रैली को प्रचार-प्रसार के लिए हरी झंडी दिखाकर अग्निशमन सप्ताह का शुभारंभ कर रवाना किया गया। रैली पुलिस लाइन पौड़ी से रवाना होते हुए एजेंसी चौक, बस अड्डा के साथ ही पूरे बाजार क्षेत्र से होते हुए पुलिस लाइन तक निकाली गई। इस मौके पर एसएसपी पौड़ी गढ़वाल श्वेता चौबे ने कहा कि पिछले वर्ष जिले में कुल 105 आगजनी की घटनाएं घटित हुई। जिनमें से 90 वनाग्नि की घटनाए व 15 अन्य अग्निकाण्ड की घटनाएं घटित हुई थी। फायर सर्विस जवानों द्वारा उक्त स्थानों पर आग लगने की सूचना प्राप्त होते ही अविलंब मय फायर उपकरणों के घटना स्थल पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत व सूझबूझ के बाद आग पर काबू पाया गया। जिससे बड़े हादसे होने से टल गए और बड़ी जन-धन की हानि होने से बच गई। एसएसपी ने जनपद के समस्त अग्निशमन अधिकारियों को ग्राम प्रधानों से समन्वय स्थापित कर ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल लगाकार ग्रामीणों को वनाग्नि की घटनाओं की रोकथाम हेतु जागरूक करने के लिए निर्देश दिये। इस मौके पर प्रभारी अग्निशमन अधिकारी केशव दत्त तिवारी आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *