एसएसपी बोले लापरवाही पर नपेंगे थानेदार और क्षेत्राधिकारी

Spread the love

देहरादून। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने मंगलवार देर रात जिला पुलिस की बैठक में साफ हिदायत दी कि कानून-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसमें थाना प्रभारियों के साथ-साथ क्षेत्राधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी। जिला पुलिस कार्यालय में हुई बैठक में एसएसपी ने ऑपरेशन क्रैकडाउन की समीक्षा करते हुए कहा कि बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन में लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारियों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि नियमित प्वाइंट के अलावा आकस्मिक स्थानों पर भी चेकिंग की जाए। पीक आवर के दौरान बाजारों और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाई जाए। इस दौरान क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को स्वयं क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना होगा। संगठित अपराधों में लिप्त आदतन अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने को कहा। ईनामी अपराधियों की गिरफ्तारी को जिले में विशेष टीमें गठित करने को कहा। रमजान और आगामी होली के मद्देनजर संवेदनशील व मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है, तो संबंधित थाना प्रभारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एसपी सिटी प्रमोद कुमार, एसपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह, एसपी देहात जया बलोनी, पंकज गैरोला और सभी सर्किल के सीओ व थानाध्यक्ष मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *