लोगों की समस्याओं को सुन प्राथमिकता के आधार पर हो कार्रवाई : एसएसपी

Spread the love

-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवंत चौहान ने रिखणीखाल थाने के कर्मचारियों को दिए निर्देश
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवंत चौहान ने रिखणीखाल थाने का निरीक्षण कर पुलिस कर्मियों को जनता की समस्याओं को सुन प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों के साथ मित्रतापूर्ण व्यवहार रखें, जिससे लोग शिकायत दर्ज कराने में पुलिस से डरे नहीं।
सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रिखणीखाल थाने पहुंचे। यहां उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय अभिलेख, बंदी गृह, मैस, बैरक, हवालात, शौचालय आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर शिकायत दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि दर्ज शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने अभिलेखों का सही ढ़ग से रखरखाव एवं लम्बित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय-समय पर अपने थाना क्षेत्र के दूरस्थ गांवों में जाकर महिलाओं व बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें और लोगों को साइबर ठगी के बारे में जानकारी दें। जिससे लोग साइबर ठगों के जाल से बच सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *