सैन्य धाम के लिए शहीदों के घर से मिट्टी एकत्रित करने का काम शुरू

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
उत्तरकाशी। पीएम नरेन्द्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट सैन्य धाम निर्माण के लिए सैनिक कल्याण विभाग की ओर से जनपद के शहीदों के घर आंगन से मिट्टी एकत्रित करने का कार्य शुरू हो गया है। जिसमें उत्तरकाशी जनपद से शहीद हुए 11 सैनिकों के घर से मिट्टी एकत्रित की जाएगी।
सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी सूबेदार मेजर महावीर सिंह राणा ने बताया कि पांचवां धाम सैन्य धाम हेतु शहीदों के घर आंगन की मिट्टी एकत्रित करने एवं शहीदों के परिजनों का सम्मान समारोह आयोजित की जाने को लेकर देहरादून जनपद के पुरकुल गांव में सैन्य धाम का निर्माण किया जाना है ’ इसके तहत शहीदों के घर आंगन की मिट्टी एकत्रित की जानी है’ जिसमें जिले के विभिन्न ब्लॉकों के शहीदों के घर आंगन की मिट्टी एकत्रित की जा रही है। कहा कि जनपद से शहीद हुए मेजर अर्जुन परमार, दिनेश चंद कुमाईं, मोहन लाल, राजेश सिंह, सुन्दर सिंह, मनमोहन सिंह, हमीर सिंह, विपिन शाह, मुरारी लाल, राकेश चौहान तथा दिनेश सिंह रावत के घर आंगन की मिट्टी एकत्रित की जाएगी। वहीं 25 नवंबर को जिला मुख्यालय में चिन्यालीसौड़, नौगांव, डुंडा व भटवाड़ी ब्लाक के 9 शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी और टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह प्रतिभाग करेंगी। इसके साथ ही 02 दिसंबर को मोरी में भी शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा ’ बताया कि आगामी 06 दिसम्बर को डीएम मयूर दीक्षित शहीदों की घर आंगन की मिट्टी को 11 कलशों में एक सुसज्जित रथ के माध्यम से ऋषिकेश के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। तत्पश्चात 07 दिसंबर को सुसज्जित रथ ऋषिकेश से शौर्य स्थल देहरादून के लिए प्रस्थान करेगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *