15 साल से बंद पड़े आइडीपीएल के आक्सीजन प्लांट में उत्पादन शुरू

Spread the love

ऋषिकेश। करीब 15 साल से बंद पड़े आइडीपीएल के आक्सीजन प्लांट को आखिर सेना के इंजीनियरों ने कड़ी मेहनत के बाद तैयार कर दिया है। प्लांट से अब आक्सीजन का उत्पादन शुरू हो गया है। बता दें कि विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने आइडीपीएल के आक्सीजन प्लांट को शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री और अन्य संबंधित नेताओं से वार्ता की थी। इसके बाद सेना के इंजीनियरों ने इस आक्सीजन प्लांट को दुरुस्त करने के लिए प्रयास किए। आखिर करीब तीन सप्ताह के कड़े प्रयास के बाद सेना के इंजीनियरों ने इस प्लांट से आक्सीजन उत्पादन करने में सफलता हासिल की है।
विधानसभा अध्यक्ष ने सेना के इंजीनियरों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेना के इंजीनियरों की टीम ने दिन रात मेहनत कर वर्षों से बंद पड़े आक्सीजन प्लांट को शुरू किया गया है, जिसे प्रारंभ करना आइडीपीएल प्रशासन द्वारा असंभव बताया जा रहा था। उन्होंने आइडीपीएल के कर्मचारियों के सहयोग की भी सराहना की। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अभी तक उन्होंने आइडीपीएल फ़ैक्ट्री में जीवन रक्षक दवाओं के उत्पादन और आक्सीजन प्लांट को शुरू कराने का अपना एक मकसद बना दिया था, जिसके लिए वह लगातार प्रयास कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में आक्सीजन प्लांट में आक्सीजन के उत्पादन प्रारंभ होने से राज्य में आक्सीजन की किल्लत पूर्ण होगी। विधानसभा अध्यक्ष ने इस संबंध में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का भी आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर वीरभद्र मंडल के अध्यक्ष अरविं चौधरी, नगर निगम पार्षद सुंदरी कंडवाल, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष रजनी बिष्ट, पूर्व मंडल अध्यक्ष रमेश चंद शर्मा, महिला मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष निर्मला उनियाल, सोशल मीडिया प्रभारी राहुल कुकरेती आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *