सड़क पर घूम रहे गोवंशों के संरक्षण को शुरू किया धरना

Spread the love

जागृति गढ़वाल जनजागरण संस्था की ओर से शुरू किया गया धरना
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में लगातार बढ़ रहे आवारा गोवंशों की संख्या पर जागृति गढ़वाल जनजागरण संस्था ने रोष व्यक्त किया है। संस्था के सदस्यों ने तहसील में क्रमिक अनशन करते हुए जल्द गोवंश संरक्षण की मांग उठाई। इस दौरान 26 दिसंबर से आमरण अनशन की भी चेतावनी दी गई।
शनिवार को संस्था के अध्यक्ष मनीष भट्ट के नेतृत्व में सदस्यों ने तहसील परिसर में क्रमिक अनशन दिया। मनीष भट्ट ने कहा कि कोटद्वार की सड़कों पर लगातार आवारा गोवंशों की संख्या बढ़ती जा रही है। आए दिन गोवंश राह चलते व्यक्तियों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं। सबसे अधिक खतरा स्कूली बच्चों व बुजुर्गों को बना हुआ है। कुछ माह पूर्व पटेल मार्ग में एक गोवंश ने महिला पर हमला कर दिया था। महिला को बेस अस्पताल में उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। यही नहीं, झंडाचौक के समीप दो गोवंश लड़ते हुए एक दुकान के भीतर घुस गए थे। व्यापारी ने भाग कर अपनी जान बचाई। दो दिन पूर्व बदरीनाथ मार्ग में एक होटल के भीतर भी गोवंश घुस गए थे, जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी काफी वायरल हुआ। बताया कि गोवंश रात के अंधेरे में काश्तकारों के खेतों में घुस कर उनकी फसल को चट कर देते हैं, जिससे काश्तकारों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। लगातार शिकायत के बाद भी नगर निगम व प्रशासन गोवंश संरक्षण को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा। संस्था को व्यापार मंडल, ग्रीन पल्स सोसाइटी, डू समथिंग सोसाइटी, देवभूमि फाउंडेशन, बार एसोसिएशन व श्रम जीवी पत्रकार यूनियन ने भी अपना समर्थन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *