जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश सरकार पर जनता के शोषण का आरोप लगाया है। कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, अपराध प्रदेश में लगातार बढ़ता जा रहा है। सत्ता में बैठे नेता केवल अपने निजी स्वार्थों को देख रहे हैं। कहा कि प्रदेश की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
बुधवार को पूर्व प्रदेश महामंत्री रंजना रावत ने पत्रकारों से वार्ता की। कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा ने जनता से बड़े-बड़े वादें किए थे। लेकिन, सत्ता मिलते ही भाजपा अपने वादों को भूल गई। चार वर्षों में प्रदेश सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास करने में नाकाम रही है। कहा कि प्रदेश में महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हैं। पर्वतीय राज्यों में बलात्कार की घटनाओं में प्रदेश पहले पायदान पर पहुंच गया है। कहा कि भाजपा सरकार का कार्यकाल घोटालों से भरा रहा। सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक, भर्ती घोटाले हुए, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया। कठोर भू-कानून न बनने से पूरे पहाड़ पर भूमाफियाओं का कब्जा हो गया है। खननमाफियों पर भी कोई लगाम न लगने से नदी, नालों को खोखला कर दिया है। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का भी बुरा हाल हो रखा है, चिकित्सालयों में न तो चिकित्सक है और न ही स्टाफ है, जिससे चिकित्सालय रेफर सेंटर बने हुए है। उन्होंने विधानसभा कोटद्वार की दुर्दशा के लिए भी प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया। कहा कि वर्तमान में पूरे विधानसभा की सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। कहा कि क्षेत्र में नशाखोरी का कारोबार फल फूल रहा है, जिसका सीधा असर युवा पीढी पर पड़ रहा है। इस मौके पर रमेश खंतवाल, गोपाल सिंह गुसांई, श्रीधर प्रसाद वेदवाल मौजूद रहे।