चम्पावत। राज्य कार्मिकों ने डाउनग्रेड वेतन को वापस लेने की मांग को लेकर तहसील में एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया। साथ ही उन्होंने पिछले कई वर्षों से लंबित समस्याओं का जल्द समाधान किए जाने की मांग की है। मंगलवार को टनकपुर तहसील में उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति के निर्देश में राज्य कार्मिकों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि राज्य कार्मिकों के डाउनग्रेड वेतन संबंधी निर्णय को वापस लिया जाना चाहिए। कहा कि ये फैसला कर्मचारियों के हितों में नहीं है। इसके अलावा उन्होंने कई वर्षों से लंबित पड़ी समस्याओं का जल्द निवारण किए जाने की मांग भी की। ऐसा न करने पर कार्मिकों ने प्रदेशवपी आंदोलन की चेतावनी दी है। यहां आईटीआई से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी भगवती तिवारी, किरन तिवारी, मंजू आर्या, विजय नेगी, अजय नेगी और परिवहन कार्यालय से प्रशासनिक अधिकारी पूरन चंद्र पांडेय, भगवान सिंह, रमेश चंद्र तिवारी, जगदीश चंद्र भट्ट, नवीन चंद्र भट्ट, तारा दत्त खोलिया, हेम चंद्र, रोहित कुमार, चेतन प्रकाश आदि रहे।