रुद्रपुर। राज्य की प्रथम जनजाति लोकगायिका रिंकू राणा की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह गुरुवार को होली खेलने अपने मायके बिडौरी आई थीं। ग्राम बिचपुरी में ट्रैक्टर ट्रॉली ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी भतीजी घायल हो गई। थारू समाज की प्रसिद्ध लोकगायिका ग्राम पूरनगढ़ नौगजा निवासी 36 वर्षीय रिंकू राणा पत्नी महेश राणा, बंटी राणा म्यूजिकल ग्रुप की लोकगायिका थीं। गुरुवार दोपहर वह अपनी 10 वर्षीय भतीजी आयिस्का के साथ बरुआबाग से स्कूटी से बिडौरी की ओर जा रही थीं। इसी दौरान बिचपुरी में ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में रिंकू राणा गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि उनकी भतीजी को हल्की चोटें आई हैं। रिंकू राणा थारू समाज की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रही थीं। उन्होंने बंटी राणा म्यूजिकल ग्रुप बनाकर राज्य समेत देशभर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया था। हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खटीमा स्थित आवास पर आयोजित होली महोत्सव में भी उन्होंने होली गायन किया था। वह थारू संस्कृति के पारंपरिक गीतों के साथ-साथ हिन्दी, कुमाउनी गीत और भजन भी गाती थीं। बचपन से ही वह अपने भाई के साथ भजन गाया करती थीं। उनका नौ वर्षीय पुत्र निशांत सिंह है। उनके भाई गौतम सिंह राणा भी भजन गायक हैं। रिंकू राणा तीन भाइयों की इकलौती बहन थीं। उनके निधन पर विभिन्न सांस्कृतिक संगठनों, गायकों सहित पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, जिला पंचायत सदस्य भास्कर सम्मल, बिशन दत्त जोशी और तमाम जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक व सामाजिक संगठनों ने शोक जताया है। भास्कर सम्मल ने रिंकू के निधन की जानकारी सीएम पुष्कर सिंह धामी को दी। सीएम ने रिंकू के निधन पर शोक जताते हुए इसे अपूर्णीय क्षति बताया है। कोतवाल मंजू पाण्डे ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।