रुद्रपुर(। पीलीभीत (यूपी) निवासी एक महिला ने अपने सौतेले पिता पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। महिला का आरोप है कि सौतेले पिता ने उसे ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण किया और अब भी उसे धमकाकर परेशान कर रहा है। पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2017 में उसके पिता की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उसकी मां ने नानकमत्ता क्षेत्र के एक व्यक्ति से दूसरी शादी कर ली। उस समय वह और उसके भाई-बहन नाबालिग थे। मां की दूसरी शादी के बाद सभी शक्तिफार्म क्षेत्र के एक गांव में रहने लगे। वर्ष 2018 में उसकी बहन की शादी हो गई और 2019 में उसकी मां का भी निधन हो गया। इसके बाद उसका भाई पढ़ाई के लिए बाहर चला गया और वह घर में सौतेले पिता के साथ अकेली रह गई। आरोप है कि इसी दौरान एक दिन जब वह बाथरूम में नहा रही थी, तब सौतेले पिता ने चोरी-छिपे उसके फोटो और वीडियो बना लिए। बाद में उसने इन तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने डर का फायदा उठाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वर्ष 2021 में उसने पीलीभीत के एक युवक से प्रेम विवाह कर लिया, लेकिन बदनामी के डर से उसने यह बात किसी को नहीं बताई। इसी बीच 11 जनवरी 2026 को उसके पति की मृत्यु हो गई। इसके बाद उसका सौतेला पिता उसके ससुराल पहुंच गया और 21 जनवरी को उसके बच्चे के सामने फिर से अश्लील हरकतें कीं। वहां से जाने के बाद मोबाइल पर संदेश भेजकर उसे परेशान करता रहा। पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपी भविष्य में उसे ब्लैकमेल करने के साथ ही उसकी हत्या भी करा सकता है। कोतवाल सुंदरम शर्मा ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी सौतेले पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।