एसटीएफ करेगी जितेंद्र आत्महत्या मामले की जांच

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद के तलसारी गांव निवासी जितेंद्र कुमार आत्महत्या मामले की जांच अब स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को सौंप दी गई है। इस मामले की जांच कोतवाली पुलिस कर रही थी। इस मामले में पुलिस ने बीते वर्ष पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। बाद में अदालत से जमानत मिलने पर सभी आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। घटना के करीब छह माह 20 दिन बाद अब इस प्रकरण की जांच एसटीएफ को हस्तांतरित कर दी गई है।
बता दें कि बीते वर्ष 21 अगस्त की सुबह करीब चार बजे तलसारी गांव निवासी जितेंद्र कुमार ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले उसने अपने फेसबुक पेज पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उसने भाजयुमो नेता सहित कुछ लोगों पर पैसे हड़पने का आरोप लगाते हुए उन्हें अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था। मामले में मृतक के पिता सतीश कुमार की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने भाजयुमो नेता हिमांशु चमोली सहित पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 22 अगस्त को भाजयुमो नेता को गिरफ्तार किया था, जबकि चार अन्य आरोपियों शुभम खंडूड़ी, गौरव कांबोज, विकास शाह व अभिषेक गैरोला को 25 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। प्रकरण में मृतक की मां, बहन व चाचा ने पांचों आरोपियों पर अनुसूचित जाति का होने को लेकर जितेंद्र का उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया था। जिसके बाद मामले की जांच सीओ सदर सौंपी गई थी। सीओ सदर ने बताया कि जितेंद्र कुमार आत्महत्या प्रकरण की आगे की जांच अब एसटीएफ करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *