ऋषिकेश। शिवाजीनगर से चोरी हुई कार को पुलिस ने 24 घंटे में बरामद कर लिया है। पुलिस ने चोरी के आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने नशे की पूर्ति के लिए इस घटना को अंजाम देने की बात कही है। सीओ नीरज सेमवाल के मुताबिक नरेंद्र सिंह नेगी निवासी बीस बीघा, ऋषिकेश ने बीते रविवार को तहरीर दी थी। इसमें बताया था कि शिवाजीनगर से तड़के एक घर के बाहर खड़ी उनकी कार की चोरी हो गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की। सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए पुलिस टीम चिड़ियापुर पहुंची। यहां एक होटल के नजदीक सड़क पर पुलिस को चोरी हुई कार दिखी। इसके बाद घेराबंदी कर पुलिस ने न सिर्फ कार बल्कि उसमें सवार आरोपी को भी दबोच लिया। पूछताछ में पहचान सागर थापा निवासी नवोदय नगर, रोशनाबाद, हरिद्वार के रूप में हुई। सागर ने बताया कि वह कार बिजनौर में बेचने की तैयारी में था। वहीं, सोमवार को पेशी के बाद कोर्ट ने आरोपी सागर को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस टीम में कोतवाल कैलास चंद्र भट्ट, एसएसआई भारत सिंह, एसआई देवेंद्र सिंह पंवार, राजकुमार, विनीत कुमार, मनोज नेगी और सुनील कुमार शामिल रहे।मेवात के युवक के चोरी किया डंपरऋषिकेश। गंगानगर निवासी भालेंद्र सिंह का डंपर बीते सात मार्च को उनके प्लॉट से चोरी हो गया था। जांच-पड़ताल में पुलिस को पता चला कि यह डंपर मेवात का युवक चोरी कर ले गया है। कोतवाल कैलास चंद्र भट्ट ने बताया कि आरोपी की पूरी जानकारी मिली चुकी है। उसके घर दबिश दी गई है, लेकिन वह फरार चल रहा है। बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर और चोरी हुआ डंपर बरामद कर लिया जाएगा।