बंद पड़ी देहरादून-पौड़ी बस सेवा शुरू की जाए

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : नागरिक कल्याण मंच एवं जागरूक विकास समिति ने उत्तराखंड परिवहन निगम की देहरादून-पौड़ी बस सेवाओं को फिर से शुरू करने की मांग विधायक से की है। कहा कि बस सेवा बंद होने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि जनहित में बस सेवाओं का संचालन किया जाना आवश्यक है।
मंगलवार को नागरिक कल्याण मंच एवं जागरूक विकास समिति ने विधायक राजकुमार पोरी से मुलाकात की। इस दौरान समिति के अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड परिवहन निगम की देहरादून-पौड़ी बस सेवाएं बीते लंबे समय से बंद कर दी गई है। कहा कि देहरादून-पौड़ी के लिए यात्रियों को लौट फेर के लिए इन्हीं बस सेवाओं पर निर्भर रहना पड़ता है, लेकिन उक्त बस सेवाओं के बंद होने से दोपहर 1 बजे बाद पौड़ी से देहरादून के लिए और देहरादून से पौड़ी के लिए कोई भी बस सेवा या अन्य कोई विकल्प नहीं है। जिससे यात्रियों को श्रीनगर से होकर देहरादून-पौड़ी आना जाना पड़ता है। जिससे यात्रियों को समय के साथ आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़़ता है। उन्होंने विधायक से देहरादून-पौड़ी के लिए लौट फेर बस सेवा को फिर से संचालित करने की मांग उठाई है। वहीं, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मौके पर सचिव गब्बर सिंह नेगी, महासचिव केदार सिंह गुंसाई, मकान सिंह रावत, गिरीश चंद्र बड़थ्वाल आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *