जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। भाबर क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड संख्या 34 में एक कुत्ते ने 30 से अधिक लोगों को जख्मी कर दिया। इसके बाद जब कुत्ता एक गौशाला में घुसा तो लोगों ने उसे वहीं बंद कर दिया, जहां सुबह तक उसकी मौत हो चुकी थी। ऐसे में लगातार शहर में बढ़ रही आवारा कुत्तों की धमक से लोगों में दहशत बनी हुई है।
शहर में आवारा कुत्तों में संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। एक सप्ताह पूर्व शहर के विभिन्न स्थानों पर कुत्तों ने पचास से अधिक लोगों को जख्मी कर दिया था। वर्तमान में नगर निगम जहां आवारा कुत्तों का टीकाकरण कर रहा है, वहीं पागल हो रहे कुत्तों को पकड़ कर उनका उपचार भी करवा रहा है। इन कुत्तों को रखने के लिए निगम ने पांच सेल्टर भी बनाए हैं। इधर, आवारा कुत्तों का आतंक थमता नजर नहीं आ रहा। सोमवार शाम एक कुत्ता अचानक खूंखार हो गया और राह चलते लोगों के साथ ही घर के बाहर खेल रहे बच्चों को जख्मी कर दिया। कुत्ते के आतंक से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बच्चों व बुजुर्गों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया था। कुत्ता दौड़ते हुए सतीश कुकरेती की गौशाला के भीतर चला गया, जिसे उन्होंने गौशाला में ही बंद कर दिया। लेकिन, सुबह तक उसकी मौत हो गई।