शो-पीस बनी स्ट्रीट लाइट, अंधेरे में वार्ड

Spread the love

नगर निगम की ओर से लाखों खर्च कर लगाई गई थी स्ट्रीट लाइट
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार:नगर निगम की ओर से लाखों खर्च करने के बाद वार्डों में लगाई गई स्ट्रीट लाइट शो-पीस बनी हैं। निगम क्षेत्र के कई मोहल्लों में जहां स्ट्रीट लाइटें दिन-रात जल रही हैं, वहीं कई मोहल्ले ऐसे भी हैं, जहां स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हुई हैं। वार्डवासियों की शिकायत के बाद भी नगर निगम स्ट्रीट लाइट मरम्मत की सुध नहीं ले रहा। ऐसे में लगातार चोरी की घटनाओं का अंदेशा बना हुआ है।
नगर निगम की ओर से पचास लाख रुपये खर्च कर क्षेत्र में दो हजार से अधिक स्ट्रीट लाइट लगवाई गई थी। लेकिन, वर्तमान में अधिकांश वार्डों में स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। बाजार क्षेत्र की स्ट्रीट लाइट तो निगम ठीक कर देता है। लेकिन, मोहल्लों की सुध नहीं ली जा रही है। नतीजा, मोहल्लों के रास्तों में शाम ढलते ही पूरी तरह अंधेरा छा जाता है। वार्डवासियों ने बताया कि कई स्ट्रीट लाइटों से बिजली का कनेक्शन भी हट गया है। निगम क्षेत्र के सनेह, कुंभीचौड़, सिताबपुर व भाबर क्षेत्र के कई मोहल्लों में यह समस्या बनी हुई है। शिकायत के बाद भी निगम के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचते हैं, जिससे लोगों में रोष बना हुआ है।
जंगली जानवरों का खतरा
निगम क्षेत्र के सनेह, कुंभीचौड़ व झंडीचौड में कई ऐसे वार्ड हैं जो जंगल क्षेत्र से सटे हुए हैं। ऐसे में इन स्थानों पर स्ट्रीट लाइट खराब होने के कारण जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है। शाम ढलते ही राहगीरों का इन मार्गों पर चलना भी खतरे से खाली नहीं रहता। पूर्व में कुंभीचौड़ व झंडीचौड़ वासियों ने जंगल के आसपास खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट ठीक करवाने की भी मांग उठाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *