श्रीनगर गढ़वाल : नगर निगम क्षेत्र के बुघाणी रोड स्थित ग्लास हाउस मार्ग से लेकर लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस तक लगी स्ट्रीट लाइटें पिछले तीन-चार दिनों से बंद पड़ी हैं। रात होते ही पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा जाता है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों जगदीश पुरी, डॉ. हेमेंद्र भट्ट और समीर बिष्ट ने बताया कि इलाके में पहले भी गुलदार की चहलकदमी देखी जा चुकी है। ऐसे में स्ट्रीट लाइटें बंद होने से डर का माहौल और ज्यादा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि रात के समय बाजार से घर लौटते वक्त खासा भय बना रहता है, जबकि सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों को भी अंधेरे के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि यह समस्या कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने नगर निगम से जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में रोशनी बहाल हो सके और लोग सुरक्षित महसूस कर सकें। वहीं नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त रविराज सिंह बंगारी ने कहा कि मामले की जानकारी मिलने पर संबंधित टीम को मौके पर भेजकर समस्या का समाधान कराया जाएगा, जिससे लोगों को किसी तरह की दिक्कत न हो। (एजेंसी)