बिजली बिल बकाया पर सख्ती, मंत्री के भाई समेत कई कनेक्शन काटे

Spread the love

अल्मोड़ा। ताकुला क्षेत्र में बकाया बिजली बिलों की वसूली को लेकर ऊर्जा निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए कई उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए। इस कार्रवाई में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के भाई दीपक आर्या के गोदाम का बिजली कनेक्शन भी शामिल है, जिस पर 94 हजार 610 रुपये का बकाया था। दीपक आर्या की पत्नी मीनाक्षी आर्या ताकुला ब्लॉक प्रमुख हैं। विभाग की इस कार्रवाई को बिना किसी भेदभाव के वसूली अभियान के रूप में देखा जा रहा है। ऊर्जा निगम ने सरकारी विभागों पर भी कार्रवाई की। डीएफओ सिविल सोयम कार्यालय पर 90 हजार 179 रुपये और आईटीआई संस्थान पर 51 हजार 390 रुपये बकाया होने पर उनके कनेक्शन काटे गए। खेल विभाग पर करीब तीन लाख रुपये का बकाया होने के चलते उसका कनेक्शन भी विच्छेदित किया गया, जिसे बाद में विभागीय आश्वासन पर पुनः जोड़ दिया गया। नगर निगम को भी बकाया भुगतान को लेकर चेतावनी दी गई है। निगम द्वारा चार लाख रुपये जमा कराने के बावजूद करीब चार करोड़ 62 लाख रुपये की देनदारी शेष बताई गई है। इसके अलावा पुलिस लाइन पर लगभग साढ़े सात लाख रुपये का बकाया है, जिस पर विभाग की नजर बनी हुई है। अधिशासी अभियंता कन्हैया मिश्रा ने बताया कि वसूली अभियान लगातार जारी है और कनेक्शन काटने से पहले सभी उपभोक्ताओं को नोटिस दिए गए थे। उन्होंने उपभोक्ताओं से वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले बकाया बिलों का भुगतान करने की अपील की है। ऊर्जा निगम अब तक करीब छह करोड़ रुपये की वसूली कर चुका है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *