मंडल मुख्यालय से नदारद रहने वाले अफसरों पर कड़ी कार्र्रवाई की जाएं

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : कांग्रेस ने गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए सरकार से कड़े कदम और मंडल मुख्यालय से नदारद रहने वाले अफसरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष विनोद दनोशी ने कहा कि ग्रामीणों की मांग पर गजल्ड गांव में प्राइवेट शूटर तैनात किए गए, जिन्होंने एक आदमखोर गुलदार को मार गिराया, लेकिन डोभाल ढांढरी व कोटी गांव में वन विभाग के शूटरों को सफलता नहीं मिल पा रही है। उन्होंने मानव वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष विनोद दनोशी व पूर्व प्रदेश प्रवक्ता युवा कांग्रेस भाष्कर बहुगुणा ने पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर शासन से सिर्फ एक दिन के लिए अफसर गुलदार प्रभावित गांव गजल्ड आए थे। यहां पर अफसरों का घेराव होने के बाद प्राइवेट शूटर तैनात किए गए। कहा कि गुलदार प्रभावित इलाकों में लोग डर के साए में जीने को मजबूर है जबकि मंडल मुख्यालय से मंडलीय अधिकारी नदारद है। कहा कि सरकार द्वारा छोटे अफसरों को हटाकर समस्या का समाधान नहीं होगा। स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी के गुलदार के मामले में राजनीति करने के बयान पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि ग्रामीणों की समस्या उठाना कोई राजनीति नहीं है। कहा कि विधायक को आरोप लगाने के बजाए इस समस्या के समाधान के बारे में सोचना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *