चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर डीएम की टैक्सी यूनियन संचालकों संग महत्वपूर्ण बैठक
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : आगामी चारधाम यात्रा के सफल, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित संचालन के दृष्टिगत बुधवार को जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन की अध्यक्षता में जनपद के टैक्सी यूनियन संचालकों, होटल यूनियन पदाधिकारियों एवं डंडी कंडी संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी यूनियन प्रतिनिधियों के साथ विस्तार पूर्वक संवाद स्थापित करते हुए चारधाम यात्रा के संचालन के दौरान संभावित समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को निर्देशित किया कि जनपद में निजी वाहनों द्वारा अवैध रूप से किराये पर सवारी ढोने की प्रवृत्ति पर कठोर प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे अधिकृत वाहन संचालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा यात्रियों की सुरक्षा एवं व्यवस्था सुचारु बनी रहे। बैठक के उपरांत उपजिलाधिकारी ऊखीमठ एवं एआरटीओ रुद्रप्रयाग ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में शीघ्र ही विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया जाएगा। इस अभियान के दौरान यदि कोई निजी वाहन व्यावसायिक रूप से सवारी ढोते हुए पाया जाता है, तो ऐसे वाहनों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में चालान की कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज किया जाएगा। साथ ही संबंधित वाहन स्वामियों से भारी जुर्माना एवं कर की वसूली भी की जाएगी। बैठक में उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, एआरटीओ रुद्रप्रयाग खुशवंत सिंह चैहान, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत रुद्रप्रयाग संजय कुमार सहित टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।