डयूटी अवधि में नशे की हालत में मिला कार्मिक तो होगी सख्त कार्यवाही

Spread the love

उपचुनाव ड्यूटी में नियुक्त पुलिस बल की पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग द्वारा ली गई ब्रीफिंग
एसपी रुद्रप्रयाग के नेतृत्व में कस्बा अगस्त्यमुनि में किया गया रूट मार्च

जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : केदारनाथ विधान सभा उप निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपादित कराने के लिए क्रीड़ा मैदान अगस्त्यमुनि में उप-चुनाव ड्यूटी में नियुक्त होने वाले समस्त सुरक्षा कार्मिकों की पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग अक्षय प्रहलाद कोंडे ने ब्रीफिंग की गयी। पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने बताया कि हर चुनाव की ड्यूटी यादगार होती है, हरेक चुनाव के साथ ही कुछ न कुछ नया अनुभव अवश्य मिलता है। कहा कि ड्यूटी अवधि में यदि कोई भी कार्मिक नशे की हालत में मिलता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। इस उपचुनाव में हर किसी की नजर हम पर रहेगी। इसलिए ऐसा कोई भी कृत्य न करें जिससे कि सभी की छवि खराब हो।
मुख्य विकास अधिकारी रुद्रप्रयाग जी.एस. खाती ने पुलिस बल को सम्बोधित करते हुए बताया कि स्वतंत्र निष्पक्ष तथा पारदर्शी चुनाव हेतु हम सभी वर्तमान समय में भारत निर्वाचन आयोग के अधीन प्रतिनियुक्ति पर हैं, ऐसे में हमें अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निर्वहन करना है। इस अवसर पर रिटर्निंग अधिकारी 07-केदारनाथ विधानसभा/उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल शुक्ला ने उपस्थित पुलिस बल का स्वागत करते हुए बताया कि आप में से अधिकांश ने इस प्रकार की ड्यूटियां पहले भी की हैं, परन्तु इस बार विशेष परिस्थितियों में उप चुनाव हो रहा है। ऐसे में सभी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन सही ढंग से करना है। उन्होंने वोटिंग हेतु आने वाली जनता के साथ मधुर व्यवहार करने तथा मतदान की गोपनीयता बनाये रखने के निर्देश दिये। वहीं पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग अमित कुमार ने सोनप्रयाग में पैरामिलिट्री फोर्स की ब्रीफिंग लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रत्येक कार्मिक को उसका निर्धारित परिचय पत्र सहित जनपद स्तर पर तैयार किया गया चुनाव ड्यूटी कार्ड रखे जाने हेतु निर्देशित किया गया। पोलिंग बूथ से सम्बन्धित सभी कार्मिक यह सुनिश्चित कर लेंगे कि, वे मंगलवार को प्रात: 7:30 बजे यहीं क्रीड़ा मैदान में आकर उनके कार्ड में अंकित वाहन संख्या से सम्बन्धित वाहन में बैठ जाएंगे, सम्बन्धित पोलिंग पार्टियां स्वत: ही उस वाहन में आ जाएंगी। इस हेतु सभी वाहनों को तरतीब वार पार्किंग पर लगाया गया है। 20 नवम्बर 2024 को होने वाले मतदान को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से सम्बन्धित विधानसभा क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल सहित सहायक बल की तैनाती की गयी है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से 02 जोन व 27 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। चुनाव ड्यूटी में 01 राजपत्रित अधिकारी, 09 निरीक्षक, 36 उपनिरीक्षक, 21 अपर उपनिरीक्षक, 100 मुख्य आरक्षी, 168 आरक्षी, 40 महिला आरक्षी, 188 होमगाड्र्स, 210 पीआरडी, 1 कम्पनी पीएसी व 3 कम्पनी अद्र्ध सैन्य बल की लगी हैं। ब्रीफिंग के उपरान्त पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के नेतृत्व में समस्त पुलिस बल द्वारा कस्बा अगस्त्यमुनि में रूट मार्च किया गया। वहीं सीओ रुद्रप्रयाग के नेतृत्व में कोतवाली सोनप्रयाग व गुप्तकाशी क्षेत्रान्तर्गत रूट मार्च किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *