विकासनगर। नाबालिग को हरियाणा ले जाकर जबरन शादी करवाने और दुष्कर्म की घटना में शामिल सभी लोगों की गिरफ्तारी को लेकर डॉ. भीमराव आंबेडकर संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में पीड़ता के परिजनों ने सीओ विकासनगर कार्यालय में धरना दिया। सीओ ने अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन परिजनों को दिया। जिसके बाद उन्होंने धरना समाप्त किया। चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सभी आरोपी नहीं पकड़े गए तो अनिश्चतकालीन धरना शुरू कर दिया जाएगा। 28 मई को पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली विकासनगर में तहरीर दी थी। जिसमें दो महिलाओं पर उनकी नाबालिग बहन को घूमाने के बहाने हरियाणा ले जाने और इसके बाद उसकी जबरन एक अधेड़ से शादी करवाने और दुष्कर्म का आरोप लगाया था। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के ग्राम प्रधान पर किसी को बात बताने पर जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया था। तहरीर के बाद पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दुष्कर्म के आरोपी संदीप को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि दो महिलाओं और ग्राम प्रधान को नोटिस जारी किए थे, लेकिन अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं की गई। जिसके बाद सोमवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष दौलत कुंवर ने पीड़िता के परिजनों के साथ सीओ विकासनगर कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान किया और धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान सीओ विकासनगर ने आश्वासन दिया कि सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर गिरफ्तार किया जाएगा। जिसके बाद उन्होंने अनिश्चितकालीन धरने को समाप्त कर दिया। चेतावनी दी कि अगर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया जाएगा। धरने में मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र कुंवर, राष्ट्रीय सचिव दलीप चंद्रा, विकास चौहान, सोमपाल सिंह, भागीरथी सिंह, फूल सिंह, महेंद्र सिंह, चंद्रपाल, बनारसी दास, ऋषि सिंह, संतराम, नरेंद्र सिंह, कृपाल सिंह, सविता देवी, पूरन सिंह, कृपाल सिंह, मनोज कुमार आदि उपस्थित रहे।