चमोली : श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के स्नातक प्रथम सेमेस्टर के खराब परीक्षा परिणामों ने छात्र-छात्राओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हाल ही में घोषित बीए, बीएससी और बीकॉम के नतीजों में महज 20 से 30 प्रतिशत छात्र ही उत्तीर्ण हो पाए हैं, जबकि बड़ी संख्या में छात्रों को बैक पेपर और अनुपस्थित दिखाया गया है। इससे छात्रों पर आर्थिक और मानसिक बोझ बढ़ रहा है। छात्रों ने इस संबंध में प्राचार्य को ज्ञापन भी दिया। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीए के 263 में से केवल 53, बीएससी के 134 में से 30 और बीकॉम के 22 में से मात्र 6 छात्र-छात्राएं पास हुए हैं। बीएससी के कई छात्रों के रिजल्ट अपलोड नहीं हुए हैं जबकि परीक्षा देने के बावजूद दिव्या और अमन रावत जैसे कई छात्रों को अंकपत्र में अनुपस्थित या फेल दिखाया गया है। छात्र संघ अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह और अंशुल रावत ने कहा कि विश्वविद्यालय की लापरवाही से छात्रों पर अतिरिक्त फीस का बोझ पड़ रहा है जिससे नए छात्र प्रवेश लेने से कतरा रहे हैं। वहीं महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह का कहना है कि छात्रों के ज्ञापन को विश्वविद्यालय को भेज दिया गया है। विवि प्रशासन से वार्ता कर इन समस्याओं का जल्द समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। (एजेंसी)