पत्रकारिता के क्षेत्र में बेहतर भविष्य बना सकते हैं छात्र

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की ओर से करियर मार्ग दर्शन एवं अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पत्रकारिता के क्षेत्र में बेहतर भविष्य बनाने की सलाह दी।
शनिवार को महाविद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य जानकी पंवार ने बताया कि फरवरी 2022 में इस महाविद्यालय में जनसंचार एवं पत्रकारिता में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी। अभी तक इस पाठ्यक्रम में 12 छात्र -छात्राओं ने प्रवेश ले लिया है। जबकि बहुत सारे अन्य छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण करा लिया है। और उनकी प्रवेश प्रक्रिया बहुत जल्दी पूरी कर ली जाएगी। पाठ्यक्रम की समन्वयक प्रोफेसर प्रीति रानी ने बताया कि पत्रकारिता एवं जनसंचार पाठ्यक्रम कोटद्वार में पहली बार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में यह पाठ्यक्रम प्रारंभ किया गया है। जबकि इससे पहले इस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्र- छात्राओं को देहरादून, हरिद्वार, दिल्ली आदि जगहों पर जाना पड़ता था। राजकीय महाविद्यालय में न्यूनतम फीस के साथ इस पाठ्यक्रम में प्रवेश जारी है। यह कोर्स श्री देवसुमन विश्वविद्यालय से संबद्ध है। इस अवसर पर इस पाठ्यक्रम की प्राध्यापिका श्वेता रावत ने पाठ्यक्रम के विभिन्न क्षेत्रों जैसे की एंकरिंग,एडिटिंग, रिपोर्टिंग, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, एडिटिंग, इवेंट मैनेजमेंट एवं जनसंपर्क आदि के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई। इस अवसर पर पाठ्यक्रम की अन्य प्राध्यापिका पूजा बड़थ्वाल ने समस्त छात्र-छात्राओं के साथ अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद उनमें एक आत्मविश्वास आने के साथ-साथ उनकी लेखन कला में भी सुधार आया। साथ ही उन्होंने कहा कि आज वह जो कुछ भी हैं वह पत्रकारिता में पढ़ाई करने के बाद ही बन पाई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *