जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आक्रोशित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार के विद्यार्थी मंगलवार को पानी की टंकी में चढ़ गए। महाविद्यालय की ओर से आश्वासन मिलने के बाद छात्र टंकी से नीचे उतरे।
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अंकुश घिल्डियाल के नेतृत्व में एनएसयूआई से जुड़े विद्यार्थी महाविद्यालय में पानी की टंकी के समीप एकत्रित हुए। इसके उपरांत विद्यार्थी उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पानी की टंकी पर चढ़ने लगे। प्राचार्य सहित अन्य शिक्षकों ने मौके पर पहुंचकर विद्यार्थियों से पानी की टंकी से नीचे उतरने की अपील की। लेकिन, विद्यार्थी समस्याओं के निराकरण की मांग पर अड़े हुए थे। छात्र नेताओं ने कहा कि वाणिज्य, अंग्रेजी व चित्रकला विषय के बीकाम, बीए सेमेस्टर के विद्यार्थियों को एनईपी- 2025-26 के पाठ्क्रम के अनुरूप प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में सम्मलित होना है। जबकि, इन विषयों के प्रथम सेमेस्टर पाठ्यक्रम में परिवर्तन किया गया है। ऐसे में पूर्व विद्यार्थियों (बेक परीक्षा के छात्रों) को परेशानी होगी। विद्यार्थियों ने परीक्षा की तिथि में परिवर्तन की भी मांग उठाई। कहा कि इससे विद्यार्थियों को अध्ययन का पर्याप्त समय मिलेगा। वहीं, जो विद्यार्थी पूर्व में परीक्षा फीस जमा कर चुके हैं। उनसे दोबारा फीस वसूली जा रही है। विद्यार्थियों को पूर्व में जमा फीस वापस देने का आश्वासन दिया जा रहा है। कहा कि पूर्व में जमा फीस को समायोजित किया जाना चाहिए। प्राचार्य के आश्वासन के करीब एक घंटे बाद ही विद्यार्थी पानी की टंकी से नीचे उतरे। इस मौके पर मनीष, अंजली, मोहित सौरभ, रोहित आदि मौजूद रहे।