छात्रों ने किया प्रदर्शन, ग्रेडिंग प्रणाली लागू करने की उठाई मांग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (जीबीपीआईईटी) में लागू ग्रेडिंग सिस्टम की खामियों पर शुक्रवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रशासनिक भवन परिसर में एकत्र छात्र-छात्राओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय स्तर के अनुरूप ग्रेडिंग प्रणाली लागू करने की मांग उठाई। छात्राओं ने कहा कि ग्रेडिंग सिस्टम का सीधा असर उनके कॅरिअर पर पड़ रहा है जिससे मानसिक दबाव भी बढ़ रहा है।
छात्रों का आरोप है कि उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय ने वर्ष 2022 में अंकों के स्थान पर ग्रेडिंग सिस्टम लागू किया, लेकिन यह राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नहीं है। उनका कहना है कि 78 अंक पाने वाले छात्र को जहां राष्ट्रीय ग्रेडिंग में 8 सीजीपीए मिलना चाहिए, वहीं विवि की ओर से सात सीजीपीए दिया जा रहा है, जो गुणांक के बाद घटकर लगभग 6.5 रह जाता है। इसी तरह 74 अंक पर 7 सीजीपीए दिया जा रहा है, जो आगे घटकर 6.4 हो जाता है। कहा कि इससे वे प्लेसमेंट, गेट उत्तीर्ण करने के बाद राष्ट्रीय संस्थानों में प्रवेश और भारत सरकार की प्रतियोगी परीक्षाओं में आवेदन से वंचित हो रहे हैं। उनका दावा है कि इस व्यवस्था से 10 से 15 प्रतिशत अंकों तक का नुकसान हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अंक बढ़ाने की मांग नहीं कर रहे बल्कि राष्ट्रीय ग्रेडिंग प्रणाली के अनुरूप ग्रेड देने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *