डिग्री कॉलेज उत्तरकाशी में मांगों को लेकर छात्रों ने किया प्रदर्शन , छत पर चढ़े छात्र

Spread the love

उत्तरकाशी(। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय उत्तरकाशी में शनिवार को छात्रों ने जमकर हंगामा कर तालाबंदी की। छात्रों ने अंक सुधार की मांग को लेकर कॉलेज गेट परिसर में जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद छात्र मांगों को लेकर कॉलेज की छत पर चढ़ गए। करीब चार घंटे तक कॉलेज में हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। उसके बाद एसडीएम भटवाड़ी शालिनी नेगी और पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र-छात्राओं की समस्या के लिए विश्वविद्यालय से वार्ता कर जल्द ही समाधान का आश्वासन दिया। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं का कहना है कि श्रीदेव समुन विश्वविद्यालय की ओर से बीए प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ सेमेस्टर की अंक सुधार परीक्षा के आवेदन के लिए छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन विकल्प नहीं मिल रहा है। साथ ही सह पाठ्यक्रम परीक्षा परिणाम के ऑनलाइन में उत्तीर्ण और मूल अंकतालिका में फेल दर्शाया गया है। उनका कहना है कि इसके साथ ही बीएससी से लेकर बीकॉम में 70 से 80 प्रतिशत छात्र-छात्राओं को फेल कर दिया गया। वहीं पर्यावरण विषय में कई छात्रों को अयोग्य बताया गया। इस सभी विषयों पर सुधार की मांग को लेकर बीती 22 अगस्त को भी छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय में तालाबंदी की थी। उसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने वार्ता के लिए बुलाया था। लेकिन कोई कार्यवाही न होने पर शनिवार को विनयमोहन, कुलदीप गुसाईं, रोहित नेगी, मोहित पंवार, आशीष कोहली, प्रियांशु रावत, आयूष बिष्ट, आरती पंवार, निकिता आदि छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के सभी परिसरों में तालाबंदी की। छात्रों ने कहा कि अगर दो दिन के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो प्रशासन का घेराव कर आमरण अनशन करेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *