विद्यार्थियों ने किया रक्तदान, बताया महत्व

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : डा. पीतांबर दत्त बड़थ्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय व एचडीएफसी बैंक के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन महाविद्यालय प्राचार्य प्रोफेसर जानकी पंवार तथा आर्य समाज मंदिर के प्रधान राजेंद्र ग्रोवर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर रक्तदान हेतु उपस्थित हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवियों व अन्य रक्तदाताओं को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रोफेसर जानकी पंवार ने कहा कि रक्तदान करने से दिल की सेहत में सुधार व अन्य बीमारियों का खतरा कम हो जाता है साथ ही आयरन की अतिरिक्त मात्रा भी नियंत्रित हो जाती है। वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सरिता चौहान ने कहा कि कई बार मरीजों के शरीर में खून की मात्रा कम हो जाती है तो उन्हें किसी अन्य व्यक्ति से रक्त लेने की आवश्यकता पड़ जाती है ऐसी आकस्मिक स्थिति में खून की आपूर्ति के लिए जनमानस को रक्तदान हेतु आगे आना चाहिए। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रोशनी असवाल ने कहा कि रक्तदान से अन्य रोगियों को जीवन दान दिया जा सकता है। वर्तमान समय में टेक्नोलॉजी की मदद से प्लेटलेट्स, प्लाज्मा, आर.बी.सी. आदि अलग करके यथास्थिति में जरूरतमंद लोगों को रक्त मुहैया कराया जा सकता है। शिविर में 30 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस अवसर पर समाज सेवी दलजीत सिंह, एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधक प्रशांत वर्मा, सौरभ रमोला, वीरेंद्र सिंह सैनी, मुकेश कंडारी, कुलदीप सिंह रावत व जितेंद्र डबराल सहित राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *