श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि ने सम सेमेस्टर परीक्षा आवेदन पत्र में भरे गए प्रश्न-पत्र/विषयों में सुधार के लिए छात्रों को एक और अवसर दिया है। विवि प्रशासन का कहना है कि विभिन्न महाविद्यालयों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा विश्वविद्यालय से संपर्क कर बताया गया कि कई विद्यार्थियों ने परीक्षा फॉर्म में गलत पेपर/विषय (पाठ्यक्रम) का चयन कर लिया है, जिनमें संशोधन आवश्यक है। इस संदर्भ में विवि ने नोटिफिकेशन जारी कर ऐसे सभी छात्रों को 13 अप्रैल से 16 अप्रैल के बीच निर्धारित प्रपत्र भरकर संशोधन कराने का समय दिया है। विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. जेएस चौहान ने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर ही संशोधन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद किसी भी प्रकार के बदलाव पर विचार नहीं किया जाएगा। (एजेंसी)