जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विकासखंड जयहरीखाल के राजकीय इंटर कॉलेज मठाली में चल रहे समर कैंप के दौरान सुलेख, खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें छात्रों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। इस दौरान स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
मंगलवार को समर कैंप संस्कृत प्रार्थना एवं प्रतिज्ञा के साथ शुरू हुआ। साहित्यिक गतिविधि के अन्तर्गत कविवर नागार्जुन एवं कहानी सम्राट मुंशी प्रेमचन्द का व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में जनवादी गीत जलाओ दिये पर रहे ध्यान इतना एवं राधा कृष्ण को समर्पित भजन की शानदार प्रस्तुति दी गई। इस मौके पर प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर जीवन में आगे बढ़े। जीवन में सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। लक्ष्य हमें सही दिशा देते हैं, प्रेरणा प्रदान करते हैं और हमें प्रेरित करते हैं कि हम अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रयास करें। इस अवसर पर शिक्षक विष्णु सिंह बिष्ट, दीपक जदली, विवेक भट्ट, रुचि पैन्यूली, नीलम सैनी, वंदना नेगी आदि उपस्थित रहे।