जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : बाल विकास परियोजना पोखड़ा द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत इण्टर कॉलेज लियाखाल में अफसर बिटिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के कक्षा 6 से 8 वर्ग में भावना, सोनाक्षी, कक्षा 9 से 10 वर्ग में अर्पिता रावत, कामना, कक्षा 11 से 12 वर्ग में आस्तिका रावत, सरिता ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को पुरस्कार वितरण किए गए।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी हेमन्ती रावत ने छात्राओं को कैरियर के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण जानकारी उन्होंने कहा कि छात्र लक्ष्य निर्धारित करके जीवन में आगे बढ़ें तभी वे जीवन में प्रगति कर सकेंगे तथा राष्ट्र विकास में अपना योगदान देने में सक्षम हो सकेंगे। सुपरवाइजर सुशीला रावत ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक रावत ने बेटियों को शिक्षा से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षित करना एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित समाज की नींव है। शिक्षा उन्हें न केवल अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाती है, बल्कि आर्थिक स्वतंत्रता, आत्मविश्वास और सही निर्णय लेने की क्षमता भी प्रदान करती है। एक शिक्षित बेटी न केवल अपना भविष्य बदलती है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी शिक्षित और स्वस्थ बनाती है। इस मौके पर दीपक बिष्ट, सुनीता बिष्ट, विपिन रावत आदि मौजूद थे।