जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार के वाणिज्य विभाग द्वारा गुरूवार को ओरिएंटेशन एवं करियर एडवांसमेंट प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बी.कॉम एवं एम.कॉम के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान छात्रों को अच्छा कैरियर बनाने के गुर बताए। कहा कि जीवन में सफलता प्राप्ति के लिए छात्र को उचित मार्गदर्शन की आवश्यकता है। जब छात्र को उचित मार्गदर्शन नहीं मिलेगा वे सफल नहीं हो पाते है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वाणिज्य विभाग प्रभारी प्रो. प्रीति रानी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि यह नीति उच्च शिक्षा में लचीलापन, बहु-विषयक अध्ययन और कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा कि इस नीति का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल रोजगार योग्य बनाना ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और नवाचारोन्मुख भी बनाना है। इस दौरान डॉ. अंशिका बंसल ने बी.कॉम के बाद उपलब्ध करियर विकल्पों के बारे में मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि 10वीं कक्षा की परीक्षा पास करते ही विद्यार्थी को अपने कैरियर की दिशा व लक्ष्य तय कर लेना चाहिए। लक्ष्य को हासिल करने के लिए विद्यार्थी को कड़ी मेहनत करने की जरूरत होती है। इस मौके पर डॉ. एसके गुप्ता, डॉ. प्रियंका अग्रवाल, डॉ. ऋचा जैन, संदीप अग्रवाल आदि मौजूद थे।