छात्रों ने दूरदर्शी के माध्यम से सूर्य, बृहस्पति, मंगल ग्रह को देखा

Spread the love

 

श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में वर्षभर चलने वाले कार्यकमों के तहत खगोल भौतिकी नभोमंडल, भौतिक विज्ञान विभाग की ओर से व्याख्यानमाला शुरू हो गई है। इस मौके पर चौरास परिसर स्थित खगोल भौतिकी नभोमंडल में छात्र-छात्राओं को दूरदर्शी के माध्यम से आकाश के विभिन्न ग्रहों जैसे सूर्य, बृहस्पति, मंगल इत्यादि को छात्रों को दिखाया गया।
गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर स्थित एसीएल सभागार में आयोजित व्याख्यान कार्यक्रम के संयोजक प्रो. हेमवती नंदन ने बताया कि गढ़वाल विवि की कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल एवं एरीज के निदेशक डॉ. दीपांकर बनर्जी की पहल पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर एरीज के निदेशक डॉ. दीपांकर बनर्जी ने छात्र-छात्राओं को सूर्य के बारे में तथा इसरो द्वारा सूर्य के अध्ययन के लिए भेजे जा रहे आदित्य एल-1 मिशन के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही डॉ. नरेंद्र सिंह, डॉ. वीरेंद्र यादव ने हिमालयी क्षेत्रों में बढ़ रहे वायु प्रदूषण एवं अंतरिक्ष के बारे में भी बताया। इस अवसर पर अंतरिक्ष शोध के लिए प्रसिद्ध आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) नैनीताल के निदेशक डॉ. दीपांकर बनर्जी एवं वैज्ञानिक डॉ. नरेंद्र सिंह और डॉ. वीरेंद्र यादव द्वारा विभिन्न विषयों पर व्याख्यान दिए गए। (एजेंसी)
अवशेष देयकों का भुगतान कराने की लगाई गुहार
श्रीनगर गढ़वाल : पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संगठन पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष चंदन सिंह चौहान ने शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत से विकासखंड कोट के प्राथमिक विद्यालय नौगांव पाली के सहायक अध्यापक स्व. मेहरबान सिंह बिष्ट के अवशेष देयकों का भुगतान कराए जाने की मांग की है। इस संदर्भ में मंत्री को दिए ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि उनके परिजनों की ओर से भी इस संदर्भ में पूर्व में गुहार लगाई गई थी। बावजूद अभी तक उन्हें अवशेष देयकों का भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने मंत्री से तत्काल इस संदर्भ में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *