विधायक रुद्रप्रयाग ने आमजन को दिलाई नशा-मुक्ति की शपथ
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : मंगलवार को समाज कल्याण विभाग रुद्रप्रयाग के तत्वाधान में बहुउद्देशीय क्रीड़ा भवन, अगस्त्यमुनि में नशा-मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ पर एक भव्य एवं व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि विधायक रुद्रप्रयाग भरत सिंह चौधरी ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगोें को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि, राबाइका अगस्त्यमुनि, गौरी मेमोरियल इंटर कॉलेज, चिल्ड्रन एकेडमी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने नशा उन्मूलन पर विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नाटक, समूह-गान एवं संदेशात्मक गतिविधियां प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को जागरूक किया।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमृतसर, पंजाब से लाइव संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसमें उन्होंने नशा-मुक्त भारत के संकल्प को सामूहिक आंदोलन बनाने की अपील की। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अगस्त्यमुनि भुवनेश्वरी देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष अगस्त्यमुनि राजेन्द्र गोस्वामी, केदारनाथ विधायक के प्रतिनिधि/जिला पंचायत सदस्य सारी जयवर्धन काण्डपाल, ज्येष्ठ प्रमुख अगस्त्यमुनि शांति चमोला, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, विभिन्न विभागीय अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं युवा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।