छात्रों के लिए होनी चाहिए बेहतर करियर काउंसलिंग की सुविधा: राज्यपाल

Spread the love

-11वीं व 12वीं के छात्रों के लिए दिसंबर में शुरू करेंगे करियर काउंसलिंग फेस्टिवल
-गांव, ब्लॉक व तहसील स्तर पर करियर काउंसलिंग की सुविधा देने का दिया सुझाव
जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने कहा कि राज्य के सीमांत व दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को गांव, ब्लाक व तहसील स्तर पर बेहतर करियर काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए। राज्यपाल दिसंबर में कक्षा 11वीं व 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए दो दिन का करियर काउंसलिंग फेस्टिवल डीडीहाट से शुरू करेंगे।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने राजभवन में इस संबंध में बैठक ली। राज्यपाल ने फेस्टिवल आयोजन से जुड़े गोरकेला फाउंडेशन और अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। यह तय किया गया कि भविष्य में राज्य के प्रत्येक तहसील में करियर काउंसलिंग फेस्टिवल होंगे। डीडीहाट में इस कार्यक्रम का संचालन जिला वन अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, उपजिलाधिकारी और गोरकेला फाउंडेशन अध्यक्ष करेंगे। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड के प्रतिभावान लोग पूरे विश्व में राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों की चुनौती का सामना करते हुए राज्य के मूल निवासी देश-विदेश में प्रतिष्ठित पदों पर हैं। अब समय आ गया है कि राज्य के सफल लोग अपनी जड़ों की ओर मुड़ें और दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन दें। बैठक में गोरकेला फाउंडेशन अध्यक्ष श्रेयस्थी मनोज गोरकेला, अपर महाधिवक्ता सुप्रीम कोर्ट मनोज गोरकेला और फाउंडेशन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *