नशे से दूर रहकर बेहतर भविष्य पर ध्यान दें विद्यार्थी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नशामुक्ति भारत अभियान के तहत पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत के विद्यार्थियों को नशे के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहकर बेहतर भविष्य पर ध्यान देने का संकल्प लिया।
विद्यार्थियों को नशामुक्त रहने की शपथ दिलाते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने जानकारी देते हुए कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है। नशे के कारण आज कई परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंच गए हैं। कहा कि भारत सरकार द्वारा 15 अगस्त 2020 को नशामुक्त भारत अभियान की शुरुआत की गई। आगामी 78वें स्वाधीनता दिवस के अवसर पर नशामुक्त भारत अभियान अपने पांच वर्ष पूर्ण कर रहा है। इस वर्ष का विषय ‘विकसित भारत का मंत्र ‘भारत हो नशे से स्वतंत्र’ है। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की ऊर्जा होती है। युवाओं की शक्ति का समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान होता है। ऐसे में यह आवश्यक हो जाता है कि युवाओं को नशामुक्त भारत अभियान से जोड़कर उनकी असीम ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण के कार्यों में लगाया जा सके। इस अवसर पर विद्यालय में नशामुक्त भारत अभियान पर निबन्ध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जूनियर वर्ग और सीनियर वर्ग के विजेता प्रतिभागियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *