धूमधाम के साथ मनाया गया विद्यालय का रजत जयंती समारोह
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : 25 वर्ष पूर्ण होने पर नवयुग पब्लिक स्कूल का रजत जयंती समारोह धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट लैंसडौन के ब्रिगेडियर विनोद नेगी व कौड़िया कैंप के सूबेदार मेजर शैलेंद्र बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया। इसके उपरांत छात्राओं ने गणेश वंदना व मां शरादा की आरती प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कहा कि मेहनत करने वाले विद्यार्थी को जीवन में सफलता अवश्य मिलती है। विद्यालय की प्रधानाचार्य नीलम नेगी ने सभी आगंतुकों का अभिनंदन व आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय की पूर्व प्रधानाचार्य स्व. शैली नेगी पर आधारित डाक्यूमेंट्री भी दिखाई गई, जिसमें विद्यालय के प्रति उनके अथक प्रयासों को भावपूर्ण ढंग से दर्शाया गया। तत्पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली, कुमाउंनी, जौनसारी, असमी, छोलिया, पंजाबी, गुजराती, राजस्थानी सहित विभिन्न प्रांतों के लोकगीतों पर शानदार लोकनृत्य की प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। कार्यक्रम में छात्रों ने योग पर आधारित प्रस्तुतियां भी दी, जो मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। विद्यालय के संस्थापक हुकम सिंह नेगी ने अपने संबोधन में शिक्षा के मूल्यों, संस्कारों एवं अनुशासन पर विशेष जोर दिया। कहा कि विद्यालय का इतिहास विगत 25 वषों में उपलब्धियों से भरा रहा।