बेरोजगार युवाओं के समर्थन में चकराता में छात्रों ने निकाली आक्रोश रैली

Spread the love

विकासनगर। बेरोजगार युवाओं के प्रदर्शन को समर्थन देने और युवाओं पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में श्री गुलाब सिंह राजकीय महाविद्यालय चकराता के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को आक्रोश रैली निकाली। रैली में शामिल छात्र-छात्राएं सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी करते हुए बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बबी पंवार को रिहा करने की मांग की। पुलिस ने बाजार में पहुंचने पर रैली को रुकवा दिया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच हल्की नोकझोंक हुई। छात्र संघ के पदाधिकारियों के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने उत्तराखंड में हो रहे भर्ती घोटाले और पेपर लीक मामले को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर अपना विरोध जताया। महाविद्यालय परिसर से शुरू हुई रैली चुंगी चौक से केसरी मार्केट, सदर बाजार होते हुए चौक बाजार तक पहुंची। रैली में शामिल छात्रों ने बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बबी पंवार को रिहा करने की मांग करते हुए बेरोजगार संगठन द्वारा की जा रही सभी मांगों का समर्थन किया। छात्रसंघ अध्यक्ष अरविंद चौहान, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित तोमर ने कहा कि उत्तराखंड में हो रही भर्तियों में जमकर धांधली की जा रही है, जिससे युवा ठगा सा महसूस कर रहे हैं। कहा युवा विषम परिस्थितियों में भी अपने गांव घर से दूर रहकर परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, बावजूद पेपर लीक हो जाते हैं। जिसको लेकर छात्र और युवा सरकार से इस विषय पर अपनी नाराजगी जता रहे है। युवाओं की जायज बातों पर गौर करने के बजाय सरकार उन्हें गिरफ्तार कर रही है। कहा भाजपा सरकार तानाशाह की तरह कार्य कर रही है, इसका जवाब युवा वोट की चोट से देगा। वहीं प्रदर्शन की भनक लगते ही चकराता पुलिस द्वारा रैली को बाजार मेंरोक दिया गया। पुलिस ने चेतावनी दी कि बिना अनुमति के प्रदर्शन होने पर धारा 144 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। रैली में छात्रसंघ महासचिव राज वर्मा, कोषाध्यक्ष मनीषा राणा, विवि प्रतिनिधि उदय वर्मा, अभिषेक चौहान, विशाल वर्मा, तनीषा तोमर, काजल चौहान, निलेश वर्मा, मनीष चौहान, संगीता आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *