जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय थलीसैंण में नमामि गंगे इकाई, राष्ट्रीय सेवा योजना, रोवर रेंजर्स एवं रेड क्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वाधान ‘गंगा स्वच्छ्ता’ पखवाड़ा के कार्यक्रमों के तहत प्राचार्य डॉ. योगेन्द्र चन्द्र सिंह ने प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्रों को गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि गंगा हमारी आस्था और संस्कृति की प्रतीक है। हम सभी का कर्तव्य है कि अपने क्षेत्र के गंगा तटों को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखें।
प्राचार्य ने कहा कि हमें नदियों में कूड़ा-कचरा व प्लास्टिक से बनें पदार्थ नहीं डालना चाहिए। हमेशा कपड़े के थैले का प्रयोग करना चाहिए। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी नमामि गंगे डॉ. विवेक रावत ने गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत होने वाले आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि जल स्रोत के आस-पास की साफ-सफाई रखना हम सब की जिम्मेदारी है। इस मौके पर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। रैली महाविद्यालय से होते हुए थलीसैंण बाजार, तहसील रोड़ तक निकाली गई। इस दौरान स्वच्छता है एक अभियान, आप भी दे आपना योगदान, चलो सफाई की आदत डाले, कूड़े को कूड़ेदान में डाले आदि नारों के साथ छात्रों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।