कॉलेज में आयोजित की गई नशा मुक्ति जागरूकता कार्यशाला
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट एंड साइंसेज (आईएचएमएस) में नशा मुक्ति पर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।
बलभद्रपुर बीईएल रोड स्थित कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम का बतौर मुख्य अतिथि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. सेमराज भट्ट ने शुभारंभ किया। डॉ. भट्ट ने अपने संबोधन में छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग यदि नशे से दूर रहेगा तो वह अपने लक्ष्य को अधिक आसानी से प्राप्त कर सकता है और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। इस कार्यक्रम में संस्थान के कार्यकारी निदेशक अजय राज नेगी, ले. कर्नल बी.एस. गुसाईं, विभागाध्यक्ष कंप्यूटर साइंस अनुराग सेमवाल सहित कॉलेज के प्राध्यापक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रवीण त्रिपाठी ने किया।