विद्यार्थियों ने की किचन गार्डन की निराई-गुड़ाई
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पब्लिक इंटर कालेज सुरखेत में यूसर्क विज्ञान चेतना केंद्र इको क्लब व एनएसएस की ओर से विश्व जैव विविधता दिवस मनाया गया। इस दौरान वाटिका की सफाई व किचन गार्डन तैयार करने के साथ ही मौसमी सब्जियों की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने विद्यालय में बने किचन गार्डन की भी साफ-सफाई व निराई गुड़ाई की।
आयोजित गोष्ठी में प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने कहा कि जैव विविधता का तात्पर्य पेड़-पौधों, जीव-जन्तुओं, सूक्ष्म जीवों, पर्यावरण तथा उनके बीच की अंत: क्रियाओं से निर्मित तंत्र से है। बढ़ते शहरीकरण और औद्योगिकीकरण से वनों की कटाई, वनों में आग लगने, बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग, प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक दोहन होने से धरती की जैव विविधता प्रभावित होती है। इस वर्ष विश्व जैव विविधता दिवस की थीम योजना का हिस्सा बनें निर्धारित की गयी है। इस अवसर पर विद्यालय के यूसर्क विज्ञान चेतना केंद्रों इको-क्लब और एनएसएस के द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाकर किचन गार्डन में क्यारियां बनाकर उनमें मौसमी सब्जियां बोई गयी। वृक्ष वाटिका में सूखे पत्तों, खरपतवार और पिरुल को एकत्रित करके उसे नष्ट किया गया। ताकि वनाग्नि जैंसी घटनाओं से वाटिका के पेड़ पौधे और उसकी जैव विविधता सुरक्षित रह सके। इस मौके पर आर्यन चौहान, लोकेश, अंकित पांथरी, कृष, प्रियांशु, विश्वजीत, सुजल, साहिल, संदेश, पिया, अंजलि, सानिया, राधिका, मनीषा, करिश्मा, आरुषि, यन्त्रिका, रोनिका आदि मौजूद रहे।