छात्रों ने अखिल भारतीय शास्त्रीय स्पर्धा में जीते पुरस्कार

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : तमिलनाडु के कांचीपुरम में आयोजित 63वीं अखिल भारतीय शास्त्रीय स्पर्धा में उत्तराखंड के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कुल 13 पुरस्कार जीते। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय की ओर से 11 से 13 मार्च तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देवप्रयाग स्थित श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर के मार्गदर्शन में प्रदेश के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में मयंक तिवारी ने साहित्यशलाका में तृतीय पुरस्कार के साथ 15 हजार रुपये नकद राशि प्राप्त की। वहीं सांख्ययोगभाषण में शुभांगिनी आर्या और अक्षरश्लोक में ऋतेश पांडेय ने तृतीय स्थान प्राप्त कर पांच-पांच हजार रुपये का पुरस्कार जीता। कंठपाठ प्रतियोगिताओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले सभी छात्रों को प्रथम पुरस्कार दिया गया। कंठपाठ के अलग-अलग विषयों में सक्षम आर्य ने अमरकोश, आरव आर्य ने अष्टाध्यायी, वरेण्या त्यागी ने उपनिषद और निशा नेगी ने काव्यकंठपाठ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इनके साथ ही खुशी पूर्वे ने दर्शन, श्रेया आर्या ने धातुरूप, जाह्नवी ने रामायण और सुयश मिश्र ने सुभाषितकंठपाठ में प्रथम पुरस्कार हासिल किया। इन सभी प्रथम स्थान प्राप्त विजेताओं को 12-12 हजार रुपये की नकद धनराशि प्रदान की गई। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *