बच्छणस्यूं पट्टी में कई लोगों ने भाजपा छोड़ कांग्रेस की सदस्यता ली

Spread the love

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के बच्छणस्यूं पट्टी में कई लोगों ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ली। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री लक्ष्मी राणा की मौजूदगी में ग्रामीणों ने कांग्रेस को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। साथ ही आगामी चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के लिए निष्ठा से कार्य करने का भरोसा दिया। बच्छणस्यूं पट्टी के क्षेत्र भ्रमण पर पहुंची पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं कांग्रेस प्रदेश महामंत्री लक्ष्मी राणा का ग्रामीणों ने ढोल-दमाऊ और फूल माला के साथ स्वागत किया। इस दौरान सीला पाखा में अगस्त्यमुनि ब्लॉक के क्षेत्र पंचायत नवासू वार्ड के सदस्य सुरजीत सिंह कंडारी अपनी ग्राम पंचायत के साथ ही गहडखाल, बगोली, दानकोट में अपने सभी समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हुए। कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए सभी लोगों का प्रदेश महामंत्री द्वारा फूल मालाओं के साथ स्वागत किया गया। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री लक्ष्मी राणा ने कहा कि आज हर शहर और ग्रामवासी मंहगाई से त्रस्त है। खाद्य सामग्री के साथ ही पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से लोगों का जीना दूभर हो गया है। केंद्र और राज्य सरकार आम जनता का उत्पीड़न कर रही है। हर जगह बेरोजगार की संख्या बढ़ रही है। जबकि भाजपा जनता को गुमराह कर रही है। इस मौके पर कांग्रेस सेवादल के महामंत्री दिनेश मंमगाई, पूर्व राज्य मंत्री देवेंद्र झिंकवाण, नगर पालिका रुद्रप्रयाग की अध्यक्ष गीता झिंकवाण, जिला महामंत्री कालीचरण रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *