हाईवे जाम करने वाले ग्रामीणों पर मुकदमा दर्ज

Spread the love

-लंगूरगाड नदी में पुल निर्माण की मांग को लेकर जारी रहा धरना
-कहा, जब तक मांग पूरी नहीं होगी जारी रहेगा आंदोलन
जयन्त प्रतिनिधि
कोटद्वार: दुगड्डा ब्लॉक के अंतर्गत लंगूरगाड नदी में पुल निर्माण की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने वाले ग्रामीणों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिया है। वहीं, पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का अनशन 27 वें दिन भी जारी रहा।
बीती तीन दिसंबर को ग्रामीणों ने दुगड्डा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुल निर्माण की मांग को लेकर जाम लगाया था। उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि मांग को लेकर तहसील सहित अन्य स्थानों पर धरना देते तो जायज था, लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना देना पूरी तरह गलत है। बताया कि बारह से अधिक ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, समिति के अध्यक्ष मनोज कंडवाल ने कहा कि ग्रामीणों को पुल निर्माण के लिए अनशन व प्रदर्शन कर 27 दिन बीत चुके हैं, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से उनकी कोई सुध नहीं ली जा रही है। उन्होंने कहा कि गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत से मिले पुल निर्माण संबंधी आश्वासन के बाद भी आज तक धरातल पर कार्य शुरू नहीं हो पाया है। जब तक धरातल पर कार्य शुरू नहीं होता, आंदोलन जारी रखेगा। अनशन में विनोद चौधरी, मातबर सिंह, सुनीता देवी, गुड्डी देवी, सुशीला देवी, विकला देवी, धर्मपाल सिंह, मनोज सिंह, हरीश सिंह, युद्धवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण शामिल रहे।

बाक्स
गुलदार भगाने के लिए थाली बजा रहे प्रदर्शनकारी
दुगड्डा ब्लॉक के अंतर्गत लंगूरगाड नदी के किनारे ग्रामीण कड़ाके की ठंड व गुलदार के आतंक के साये में अनशन पर बैठने को मजबूर हैं। युवा विकास समिति के अध्यक्ष मनोज कंडवाल ने बताया कि गांव व अनशन स्थल के आसपास अक्सर गुलदार धमक बनी रहती है। ऐसे में ग्रामीण रात के अंधेरे में थाली बजाकर गुलदार व अन्य जंगली जानवरों से बचने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी उनका आंदोलन जारी रहेगा।
फोटो-०3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *