जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : राजकीय शिक्षक संघ नैनीडांडा की द्विवार्षिक शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। इस मौके पर मुख्य अतिथि प्रशांत कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में नैनीडांडा क्षेत्र के शिक्षकों के कार्यों की सराहना करते हुए बच्चों के लगातार शैक्षिक उन्नयन को देखते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही भरोसा दिलाया कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव प्रयासरत रहेंगे।
ब्लाक सभागार में आयोजित गोष्ठी का शुभारंभ सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य जंग बहादुर सिंह नेगी की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान संघ की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। नई कार्यकारिणी में सुखदेव सिंह रावत अध्यक्ष, मंत्री पद पर मनमोहन सिंह रावत, उपाध्यक्ष पुरुष के लिए अशोक सिंह नेगी व उपाध्यक्ष महिला के लिए संगीता ध्यानी, संयुक्त मंत्री पुरुष के लिए सत्य प्रकाश व संयुक्त मंत्री महिला के लिए गीता कनवाल, आय व्यय निरीक्षक के लिए दीपक चौहान निर्विरोध निर्वाचित हुए। इस दौरान नैनीडांडा क्षेत्र में शिक्षा के लिए हो रहे नित नवाचारों व शिक्षकों द्वारा किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों, शैक्षिक चुनौतियों के संदर्भ, उनके समाधान पर वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। संगीता ध्यानी, बीडी जोशी, अफसर हुसैन, हितेंद्र देवलाल, डा. देवेंद्र पोखरियाल, सत्यप्रकाश काला, इंदु पटवाल आदि ने अपने अपने विचार व्यक्त किये। पूर्व जिला मंत्री मनमोहन चौहान द्वारा शिक्षकों की समस्याओं पर समाधान का आश्वासन दिया गया। वर्तमान जिला मंत्री विजेंद्र बिष्ट ने शिक्षकों की हर समस्या के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहने की बात कही। गोष्ठी में इस वर्ष सीबीएसई बोर्ड व उत्तराखंड बोर्ड में ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बालक-बालिकाओं को भी सम्मानित किया गया, जिसमें तितिक्षा ध्यानी व ध्रुव रावत (अटल उत्कृष्ट खिरैरीखाल), माधवी रावत (कोचियार) दीप्ति (अदालीखाल) शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन नरेश सोराडी ने किया।