सूरज उगल रहा आग, 45 डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा

Spread the love

कोटद्वार शहर में लगातार बढ़ रहा गर्मी का प्रकोप
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार में गर्मी का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार को शहर का पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। भीषण गर्मी के कारण आमजन का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया। यही कारण था कि दोपहर के समय शहर की सड़कें सूनी-सूनी नजर आ रही थी।
पिछले कुछ सप्ताह से सूरज के तेवर नरम होने का नाम नहीं ले रहे। सुबह से ही पड़ रही तेज धूप आमजन को झुलसा रही है। दोपहर के समय चल रही तेज लू और मुसीबत बढ़ा रही है। ऐसे में हीट स्ट्रोक का भी खतरा बना हुआ है। भीषण गर्मी से बचाव के लिए राहगीर आईसक्रीम व जूस का सहारा ले रहे हैं। शहरवासी भी शाम को सूरज ढलने के बाद ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। वहीं, गर्मी के मौसम में हो रही विद्युत कटौती ने भी आमजन की समस्या बढ़ा दी है। शनिवार रात शहर के कई स्थानों पर आधे-आधे घंटे के लिए विद्युत कटौती होती रही। ऐसे में शहरवासियों की रात की नींद भी उड़ गई थी।

धूप में हो रहा वाहनों का इंतजार
भीषण गर्मी में कोटद्वार बस अड्डे में यात्रियों के लिए यात्री स्टेंड तक की व्यवस्था नहीं की गई है। नतीजा वाहनों के इंतजार में यात्री चिलचिलाती धूप में खड़े रहने के लिए मजबूर हो रहे हैं। बाजार चौकी के समीप बने बस स्टेंड पर भी रेहड़ी-ठेली वाले आपना कब्जा जमाकर बैठे हुए हैं। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी छोड़े बच्चों के साथ सफर करने वालों को हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *