जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय थलीसैंण नमामि गंगे इकाई, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं इतिहास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘जल महोत्सव’ पखवाड़े के अंतर्गत जल ही जीवन इसे बचाएं विषय पर स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी अद्भुत कला एवं लेखन का प्रदर्शन किया और जल संरक्षण के प्रति अपने दृष्टिकोण और रचनात्मकता को खूबसूरती से उजागर किया। इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, डॉ. अजय कुमार, डॉ. भुवन मेलकानी एवं परिणाम संकलन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विवेक रावत शामिल थे। प्रतियोगिता में बीए की छात्रा सुनैना, दुर्गावती, ज्योति ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर प्रचार्य डॉ. योगेन्द्र चन्द्र सिंह ने कहा कि छात्रों को इस तरह की प्रतियोगिता में भाग लेना चाहिए। प्रतियोगिता का संचालन डॉ. बचन सिंह ने किया।