जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : पंचायत चुनाव के तहत पर्यवेक्षक गौरव कुमार ने विभिन्न मतदान केंद्रों और मतगणना स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रो पर बिजली, पेयजल और शौचालय व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। पर्यवेक्षक ने पौड़ी के मतगणना स्थल, स्ट्रांग रूम, पोलिंग पार्टियों की रवानगी आदि की तैयारियों की जानकारी ली।
शनिवार को पर्यवेक्षक ने पौड़ी, कल्जीखाल व कोट ब्लाक के विभिन्न मतदान और मतगणना केन्द्रों में तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने ब्लॉकों रिटर्निंग अधिकारियों को सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं समय से करते हुए आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कल्जीखाल ब्लाक के फलदा और किमोली मतदान केंद्रों का दौरा करते हुए वाहनों की सघन चेकिंग करने के साथ ही सरकारी इमारतों व परिसंपत्तियों पर लगी प्रचार सामग्री, पोस्टर और बैनर को तत्काल हटवाने के निर्देश दिए।