श्रीनगर गढ़वाल : श्रीनगर में मंगलवार को विभिन्न मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया गया। यह कार्रवाई जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी गढ़वाल की सचिव श्रीमती नाजिश कलीम के नेतृत्व में “सुरक्षित दवा, सुरक्षित जीवन” तथा “जेनरिक ड्रग्स-इफेक्टिव, इकोनॉमिकल एंड एसेंशियल” अभियान के अंतर्गत की गई। अचानक हुई कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया। संयुक्त निरीक्षण समिति ने एक्सपायरी दवाओं और अन्य औषधीय सामग्री की अवैध बिक्री रोकने के उद्देश्य से दुकानों की गहन जांच की। इस दौरान दवाओं की एक्सपायरी तिथि, भंडारण व्यवस्था, आवश्यक लाइसेंस और अभिलेख, जेनरिक दवाओं की उपलब्धता तथा औषधि नियंत्रण एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति में एक्सपायरी या अमानक दवाओं का विक्रय न करें। साथ ही आमजन को अधिक से अधिक जेनरिक दवाओं के उपयोग के लिए प्रेरित करने को कहा गया, ताकि कम लागत में गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो सके। (एजेंसी)