नई टिहरी : टिहरी जिले के आवास से वंचित ग्रामीणों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना में शामिल होने का सर्वे शुरू हो गया है। इसके लिए दूसरे चरण सर्वे का कार्य शुरू हो गया है। जिला प्रशासन ने लाभार्थियों के चयन के लिए सर्वे शुरू कर दिया है। 31 मार्च तक वंचित लोगों का ऑनलाइन सर्वे पूरा किया जाएगा। जिसके बाद पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजनाओं के वंचित परिवारों के चयन की प्रक्रिया 2019 से रुकी हुई थी। जिसके चलते नए परिवार शामिल नहीं हो पा रहे थे। लेकिन अब केंद्र सरकार के निर्देश पर प्रधानमंत्री आवास योजना के दूसरे चरण के लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 से 2028-29 तक की मंजूरी मिलने के बाद टिहरी जिले की 1034 ग्राम सभाओं में आवास विहीन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए सर्वे का कार्य शुरू किया गया है। डीआरडीए के परियोजना निदेशक पुष्पेंद्र सिंह चौहान ने बताया ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार ने आवास प्लस की सूची को अद्यतन करने के लिए आवास प्लस सर्वे कार्य 2024 शुरू किया है। जिले में सर्वे कार्य में 31 मार्च 2025 तक चलेगा।
सर्वे कार्य में ग्राम विकास अधिकारी, मनरेगा रोजगार सहायक, मनरेगा जेई, एरिया कोर्डिनेटर को लगाया है। सर्वे कार्य पूर्ण होने के बाद की सही सूची को केंद्र सरकार को भेज दिया जाएगा। उनके बाद जिले के ग्रामीण क्षेत्र में कितने पात्र परिवारों को आवास मिलेंगे स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। परियोजना निदेशक चौहान ने बताया कि सरकार की गाइड लाइन के अनुसार पीएम आवास योजना के लिए पात्र परिवार को 10 पैरामीटर से गुजरना होगा। जिसमे से मशीनी तिपहिया, चौपहिया वाहन धारक परिवार, 50 हजार रुपए या इससे अधिक ऋण सीमा वाले किसान क्रेडिट कार्ड धारक, वे परिवार जिनका कोई सदस्य सरकारी कर्मचारी हो। सरकार के पास पंजीकृत गैर कृषि उद्यम वाले परिवार, परिवार में प्रतिमाह 15 हजार रुपए से अधिक कमाने वाला कोई सदस्य, आयकर अदा करने वाले परिवार, व्यवसाय कर अदा करने वाले परिवार, जिन परिवारों के पास 50 नाली से अधिक सिंचित भूमि और कम से कम एक सिंचाई उपकरण, 5 एकड़ या इससे अधिक असिंचित भूमि होगी, वे परिवार स्वत: ही अपात्र माना जाएगा। पीएम आवास योजना के सर्वे कार्य में लगे सभी कर्मचारियों को पूरी पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। (एजेंसी)